featuredछत्तीसगढ़

हाईवे पर मारपीट कर लूटपाट: चंद घंटों में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई 2026। जिले की चांपा पुलिस ने हाईवे पर मारपीट और लूट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 100 रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी सूरज कुमार साहू ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 जुलाई की रात वह अपने साथियों के साथ कार से उरगा से लौट रहे थे। रास्ते में चांपा रेलवे ओवरब्रिज के पास धनीराम चंद्रा नामक व्यक्ति को लिफ्ट देकर हथनेवरा मोड़ के पास उतारा। रात करीब 12:30 बजे जब वे सड़क किनारे खड़े थे, तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 4-5 युवक वहां पहुंचे।

आरोपियों ने शराब पार्टी के लिए पैसों की मांग की। इंकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सूरज कुमार साहू और उसके साथियों के साथ लात-घूंसों व बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट के बीच एक आरोपी ने सूरज की जेब से 1,500 रुपये लूट लिए और फरार होने से पहले सड़क किनारे पड़े पत्थर से कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।

मामले में थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 397/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 324(2) एवं 3(5) के तहत जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने साहिल कुमार पटेल उर्फ अक्की (20 वर्ष), निवासी खाल्हेपारा, हथनेवरा, थाना चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लूटी गई रकम में से 100 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान तथा थाना चांपा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button