कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुनीं 103 आवेदकों की समस्याएँ, गाँव का हाल पूछा, समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

कोरबा, 23 नवंबर 2026/ गोद में छोटे बच्चे को लेकर आई महिला नौकरी की उम्मीद से कलेक्टर जनदर्शन पहुँची थी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उसकी बात सुनी और सहजता से कहा, “दीदी, शासकीय नौकरी रिक्त पदों पर निर्धारित भर्ती प्रक्रिया से ही मिलती है। लेकिन आप स्वरोजगार शुरू करना चाहें तो उसमें सहयोग किया जा सकता है।” उन्होंने महिला की रुचि पूछकर बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़ने के विकल्प बताए। महिला ने सहमति दी तो कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान महिला को अपनी बात रखने का अवसर मिला और आगे बढ़ने का एक रास्ता भी मिला।
कलेक्टरेट सभाकक्ष में प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनदर्शन में इस तरह के संवाद कई बार सुनाई देते हैं। दूरस्थ गाँव से आया कोई बुजुर्ग जब संकोच में अपनी बात शुरू नहीं कर पाता, तो कलेक्टर पूछते हैं, “बताओ कका, क्या परेशानी है?” महिलाओं से “कैसे हो दीदी?” और बुजुर्ग महिलाओं से “बताओ दाई” कहकर बात करते हैं। परिचित संबोधन से झिझक कम होती है। लोग आवेदन में लिखी समस्या के साथ घर और गाँव की वे परिस्थितियाँ भी बता पाते हैं, जिन्हें कागज पर समेटना कठिन होता है।
इस सोमवार के जनदर्शन में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, बसाहटों में मूलभूत सुविधाएँ, नगर निगम क्षेत्र में पट्टा सर्वे से संबंधित दावा-आपत्तियाँ, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन, आरबीसी 6-4 के तहत सहायता तथा पुल-पुलिया निर्माण जैसे विषय शामिल थे। कलेक्टर ने आवेदन संबंधित अधिकारियों को भेजकर परीक्षण और नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारियों से फोन पर भी बात की।
महतारी वंदन योजना की राशि न मिलने की बात लेकर पहुँची कुछ महिलाओं ने बताया कि वे पहले आवेदन जमा नहीं कर पाई थीं। कलेक्टर ने उन्हें समझाया कि निर्धारित अवधि में आवेदन करना आवश्यक था। शासन की ओर से नए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होने पर वे आवेदन कर सकेंगी और पात्रता के अनुसार लाभ मिल सकेगा। यह जानकारी महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण थी, क्योंकि उन्हें अब अपनी स्थिति और आगे की प्रक्रिया स्पष्ट हो गई।
भूमि पर बेजा कब्जे की शिकायत और शासकीय भूमि का पट्टा देने के अनुरोध भी सामने आए। कलेक्टर ने आवेदकों की बात सुनते हुए समझाया कि शासकीय भूमि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भी जरूरी है। ऐसे मामलों में नियमों और भूमि की स्थिति की जाँच के आधार पर ही निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक उपयोग की जमीन का महत्व समझने का आग्रह किया।
एक व्यक्ति ने अपने खाते से हुई साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने के लिए आवेदन दिया। उसकी शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे और इंटरनेट का नियमित उपयोग करने वाले लोग भी ठगी का शिकार हो सकते हैं। किसी को ओटीपी न बताने, अनजान व्यक्ति के कहने पर लेनदेन न करने और दूसरों को भी सतर्क करने का संदेश उन्होंने दिया।
ग्राम चचिया के धान खरीदी केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर गाँव के दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर पहुँचे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों से आपस में बैठकर सहमति बनाने को कहा। उन्होंने समझाया कि विवाद के कारण केंद्र का संचालन प्रभावित हुआ तो कठिनाई गाँव के किसानों को ही होगी। गाँव में उपार्जन केंद्र चलने से धान बेचने में सुविधा के साथ बीज और ऋण जैसी कृषि संबंधी सेवाओं तक पहुँच भी आसान हो सकती है। उन्होंने दोनों पक्षों को गाँव के साझा हित में निर्णय लेने की सलाह दी।
लबेद, बक्साही और अरसिया,रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों के लिए आवेदन दिए। कलेक्टर ने उनसे पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पूछी। अधूरे कार्य समय पर पूरा करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा, ताकि नए कार्यों पर आगे निर्णय लिया जा सके। जहाँ कार्य की स्थिति स्पष्ट नहीं थी, वहाँ उन्होंने निर्माण की तस्वीरें मँगवाकर प्रगति की जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने जब उनसे कहा कि आप पुराने कार्यों को जल्दी पूरा करेंगे तो वे नया कार्य भी स्वीकृत कर देंगे। इस पर गाँव से आए सरपंचों ने खुशी जाहिर करते हुए कुछ दिनों के भीतर अधूरे कार्यों को पूर्ण करने का संकल्प लिया।
सड़क निर्माण से ग्राम तरदा के पास वर्षों पुराने घर प्रभावित होने की शिकायत लेकर भी ग्रामीण पहुँचे। कलेक्टर ने कहा कि निवास और निर्माण की स्थिति का उपलब्ध सैटेलाइट चित्रों सहित संबंधित अभिलेखों के आधार पर परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण और लागू प्रावधानों के अनुसार मुआवजे, पुनर्वास या अन्य सहायता के विषय में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की समस्याएँ सुनकर उन्होंने महाप्रबंधक से जानकारी लेने और पात्र लोगों के मामलों में नियमानुसार कार्यवाही करने की बात कही।
जनदर्शन में हर समस्या का निर्णय उसी दिन होना संभव नहीं है। लेकिन आवेदक की बात ध्यान से सुनना, उसे लागू प्रक्रिया समझाना और संबंधित अधिकारी को स्पष्ट निर्देश देना, समाधान की शुरुआत करता है। कलेक्टर श्री दुदावत आवेदनों के साथ गाँव में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों का हाल भी पूछते हैं। इस तरह एक व्यक्ति की समस्या से शुरू हुई बातचीत पूरे गाँव की जरूरतों तक पहुँच जाती है।
“कैसे हो दीदी?” और “बताओ कका…” जैसे संबोधन जनदर्शन में केवल बोलचाल के शब्द नहीं रह जाते। वे दूर से आए व्यक्ति को बिना संकोच अपनी बात कहने का भरोसा देते हैं। सोमवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच हुए ऐसे संवाद ने दिखाया कि समाधान की राह अक्सर ध्यान से सुनने और सहजता से बात करने से शुरू होती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।







