संविधान की उद्देशिका का होगा सामूहिक वाचन

जल संरक्षण एवं अमृत सरोवरों के संवर्धन की दिलाई जाएगी शपथ
विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का होगा आयोजन
कोरबा/23 नवंबर 2026/ भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने के उपलक्ष्य में 26 नवंबर 2026 को जिले की समस्त संबंधित ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर स्थलों पर संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं, शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों एवं विभिन्न सामुदायिक संगठनों की सहभागिता से संविधान की उद्देशिका का हिंदी एवं स्थानीय भाषा में सामूहिक वाचन किया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण, स्वच्छता एवं अमृत सरोवरों के संरक्षण और संवर्धन की शपथ दिलाई जाएगी।
भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों, स्वयं सहायता समूहों तथा बिहान की आजीविका दीदियों के द्वारा सक्रिय भागीदारी की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं संवैधानिक मूल्यों पर संक्षिप्त उद्बोधन दिया जाएगा। विद्यार्थियों एवं युवाओं के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर संविधान के प्रति जागरूकता एवं नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया जाएगा।
इसके साथ ही अमृत सरोवरों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर खरपतवार हटाने, गाद निकासी एवं पौधरोपण जैसी गतिविधियां की जाएंगी। इन कार्यों में विकसित भारत–जी राम जी योजना के श्रमिकों एवं स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता की होगी। कार्यक्रम स्थलों पर संविधान एवं मिशन अमृत सरोवर से संबंधित जानकारी के बोर्ड एवं पोस्टर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का आयोजन संबंधित विभागों के साथ समन्वय एवं अभिसरण करते हुए किया जाएगा। इसके लिए विकसित भारत–जी राम जी एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों का नियमानुसार उपयोग किया जाएगा। साथ ही स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया एवं सामुदायिक मंचों के माध्यम से कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
संविधान दिवस के माध्यम से नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक दायित्वों एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को सुदृढ़ करने के साथ जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से अमृत सरोवरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं उपयोगी बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।







