
रायगढ़, 28 अप्रैल 2026। ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड स्थित एक ट्रांसपोर्ट ऑफिस में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और डेढ़ लाख रुपये की लूट के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ डकैती सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना 26 अप्रैल की शाम की है, जब प्रार्थी उपेंद्र सिंह (60 वर्ष), निवासी कैदीमुड़ा, अपने ट्रांसपोर्ट ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़ी कार को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए उपेंद्र सिंह अपने ऑफिस की ओर भागे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए।
आरोपियों ने ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जमकर तोड़फोड़ की और कर्मचारी बृजनंदन सिंह से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद कैश काउंटर से हिसाब-किताब की डायरी और करीब 1.50 लाख रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही थाना जूटमिल प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवा पटेल उर्फ विक्की, सुखसागर सारथी उर्फ सागर, मनोज सारथी, लोकेश्वर साहु और गणेश दास महंत उर्फ नानु शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों टिकम और किशन महंत के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से शेष 370 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों के अनुसार, वारदात के बाद भागते समय कुछ पैसे गिर गए और अधिकांश रकम खर्च कर दी गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“रायगढ़ में लूट, हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसे अपराधियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



