
बिलासपुर । जिले के थाना कोटा क्षेत्र से लापता हुए 20 वर्षीय छात्र रोहित कुमार को पुलिस ने सफलतापूर्वक नागपुर से बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष “तलाश अभियान” के तहत की गई।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रोहित कुमार (पिता अमरेन्द्र कुमार), निवासी महावीर कॉलोनी, संगम चौक, गया (बिहार), डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय कोटा के बालक छात्रावास में रहकर बी. फार्मेसी चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह 6 मार्च 2026 को अचानक छात्रावास से लापता हो गया था।
इस संबंध में 7 मार्च 2026 को राजा मिश्रा द्वारा थाना कोटा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर गुम इंसान क्रमांक 29/2026 कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने छात्र के सहपाठियों से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों की जांच, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण तथा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर खोजबीन की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन तक भी तलाश की, लेकिन प्रारंभ में कोई सफलता नहीं मिली। अंततः 25 अप्रैल 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद तत्काल टीम रवाना की गई और 26 अप्रैल 2026 को उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में रोहित कुमार ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग में लिप्त था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा रहा था। इस बात का खुलासा अपने पिता से करने के डर से उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी।
बरामदगी के बाद छात्र को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं कोटा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में निरीक्षक नरेश चौहान, उप निरीक्षक गोपाल खाण्डेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की विशेष भूमिका रही।



