धान खरीदी के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जगदलपुर, 13 नवम्बर 2026/ जिले में आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ हो रहे धान उपार्जन कार्य को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार 13 नवंबर को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में धान खरीदी की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सोमवार से शुक्रवार तक उपार्जन केंद्रों में खरीदी होगी और शनिवार-रविवार को अधिकारी केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करेंगे। उन्होंने भारतीय खाद्य निगम के साथ समन्वय कर नए बारदानों का सत्यापन कराने, उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त जगह, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर तेजी के साथ संचालित किए जाने कहा।
बैठक में कृषक उन्नति योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि 12 से 20 नवंबर तक आयोजित हो रही ग्राम सभाओं में इसके नियमों का वाचन कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने पंजीयन कराया है और धान की फसल लगाई है, यदि वे टोकन कटाकर एक क्विंटल धान भी बेचते हैं, तो उन्हें उनके पूरे पंजीकृत रकबे के हिसाब से समर्थन मूल्य और बोनस की अंतर राशि का लाभ मिलेगा।
धान खरीदी की तैयारी के साथ ही कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर बल दिया। इसके साथ ही नगरनार को डल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने तथा 15 नवंबर तक आधार, आयुष्मान कार्ड और जाति-निवास प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने की हिदायत दी।
बैठक में आगामी 15 और 18 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले के शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तय की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पंचायत बस्तर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधक, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी और बीआरसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।







