ग्रामीण युवाओं ने कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दिखाया दमखम

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती महावती मंडावी ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ


जगदलपुर, 13 नवंबर 2026/ जिले के बास्तानार विकासखंड के किलेपाल में शुक्रवार 13 नवंबर को खंड स्तरीय बस्तर ओलम्पिक 2026 का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। प्रतियोगिता में ग्रामीण अंचलों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए विभिन्न खेल विधाओं में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष महावती मंडावी ने किया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित सीईओ जनपद पंचायत एसएस मंडावी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
किलेपाल में बस्तर ओलम्पिक के प्रति क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कुल 6832 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। दो दिवसीय इस आयोजन में बास्तानार विकासखंड के चार जोन मूतनपाल, बास्तानार, पालानार एवं बड़े किलेपाल के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभा रहे हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। ग्रामीण क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने खेल के प्रति अपनी रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
बस्तर ओलम्पिक का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनमें अनुशासन, आपसी सद्भाव और टीम भावना को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
शुक्रवार 13 नवंबर से प्रारंभ हुई यह खंड स्तरीय प्रतियोगिता शनिवार, 14 नवंबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न होगी। दो दिनों तक चलने वाली इस खेल प्रतिस्पर्धा को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।







