featuredछत्तीसगढ़

अभियान संवेदना के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार

महिला को भय दिखाकर बनाया था शिकार, धरमजयगढ़ पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को भेजा जेल

रायगढ़, 2 जून 2026। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्ती बरतते हुए रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत एक दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धरमजयगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी को थाना छाल क्षेत्र के ग्राम तरेकेला में दबिश देकर पकड़ा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता ने 30 मई को थाना धरमजयगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम तरेकेला निवासी बनेश्वर राठिया (25 वर्ष) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि घटना 25 मई को उस समय हुई जब वह अपने मायके आई हुई थी और घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी गई थी। इसी दौरान उसका परिचित बनेश्वर राठिया वहां पहुंचा और बलपूर्वक दुष्कर्म किया।

घटना के बाद भय और मानसिक तनाव के कारण पीड़िता तत्काल शिकायत नहीं कर सकी। बाद में उसने अपने पति को पूरी घटना बताई, जिसके बाद थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान 31 मई को आरोपी बनेश्वर राठिया को उसके गांव तरेकेला से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस अत्यंत गंभीरता से लेती है। ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के महिला संबंधी अपराध या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button