मंत्री लखन लाल देवांगन ने वरिष्ठजनों का शॉल-श्रीफल से किया सम्मान, सहायक उपकरण भी किए वितरित




कोरबा, 2 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजीव गांधी इंडोर ऑडिटोरियम में ‘वरिष्ठ वंदन सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजनों को शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वृद्धजन हमारे लिए माता-पिता के समान हैं और उनका सम्मान करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है। सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि वृद्धजनों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री ने बताया कि वृद्धजनों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कोरबा जिले में डीएमएफ के माध्यम से वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। वहीं सियान सदन में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए वातानुकूलित व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा तथा वयोवंदन कार्ड के जरिए निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने जिले में डीएमएफ से कराए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी डीएमएफ से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत, डामरीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
वृद्धजनों का सम्मान हमारी संस्कृति का हिस्सा : प्रेमचंद पटेल
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि वृद्धजन समाज के अनुभव, ज्ञान और संस्कारों की समृद्ध पूंजी हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के निर्माण में लगाया है। नई पीढ़ी को उनके अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेकर उनके बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए संवेदनशील रहना चाहिए।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज के लिए ज्ञान एवं संस्कारों का महत्वपूर्ण आधार हैं। उनकी सेवा, सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।
गोपाल मोदी ने कहा कि वृद्धजन दिवस केवल एक दिन सम्मान करने का अवसर नहीं, बल्कि हर दिन बुजुर्गों के प्रति सम्मान, स्नेह और संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश देता है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि वृद्धजनों का जीवन अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन है। उनके सम्मान और गरिमा की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
श्रवण यंत्र और वॉकिंग स्टिक का वितरण
समारोह के दौरान मंत्री श्री देवांगन सहित अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार श्रवण यंत्र एवं वॉकिंग स्टिक प्रदान किए। इस दौरान वरिष्ठजनों को स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में सभापति नगर निगम नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डॉ. राजीव सिंह, सियान सदन अध्यक्ष जे.के. तिवारी,अजय चंद्रा, योगेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





