
जांजगीर-चांपा, 12 जुलाई। जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में यातायात जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान “हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। इसके तहत निरीक्षक सुभाष चौबे ने सरस्वती शिशु मंदिर चांपा, निरीक्षक जयकुमार साहू ने शासकीय स्कूल तिलाई, निरीक्षक लालन पटेल ने लायंस स्कूल चांपा तथा एएसआई सुरेंद्र सिंह क्षत्रिय ने जांजगीर के डस्टिनेशन स्कूल में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में छात्रों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, ट्रैफिक सिग्नल एवं यातायात संकेतों का महत्व, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की जानकारी दी गई। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी और सुरक्षा संबंधी पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग से बचें तथा यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।




