
सड़क हादसे में घायल युवक को अपने शासकीय वाहन से पहुंचाया अस्पताल, तत्परता देख लोगों ने की सराहना



जांजगीर – चांपा,13 मई 2026।जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने मानवता और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। बुधवार दोपहर शासकीय कन्या महाविद्यालय जांजगीर मेन रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की उन्होंने खुद मदद कर उसे समय पर जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर लगभग 2:15 बजे एक मोटरसाइकिल चालक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसी दौरान प्रभारी एसपी निवेदिता पाल वहां से गुजर रही थीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए तत्काल वाहन रुकवाया और घायल युवक की स्थिति का जायजा लिया।
स्थिति गंभीर होने पर एसपी ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल युवक को स्वयं अपने शासकीय वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया। इतना ही नहीं, उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों को घायल युवक के समुचित और त्वरित उपचार के निर्देश भी दिए।
एसपी की इस तत्परता और संवेदनशील व्यवहार को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। लोगों ने कहा कि पुलिस का यह चेहरा समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करता है।
घायल युवक ने भी समय पर मिली मदद के लिए प्रभारी एसपी का आभार व्यक्त किया। इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव जीवन की रक्षा और समाज सेवा के लिए भी हर समय तत्पर रहती है।



