
कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। विशेष जांच अभियान के दौरान कुल 24 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 17 दोपहिया और 7 चारपहिया वाहन शामिल रहे। सभी 24 वाहनों को जब्त कर नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिलेभर में लगातार चल रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखते हुए शराब के सेवन के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। इससे न केवल कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को भी रोका जा सकता है।




