featuredकोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा पुलिस की अनूठी पहल: नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी, छात्राओं को ‘गुड टच–बैड टच’ और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

कोरबा, 31 जुलाई। महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में नवीन आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में साडा कन्या शाला सहित विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रदर्शनी के माध्यम से नए कानूनों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों तथा पीड़ितों को मिलने वाले कानूनी अधिकारों की जानकारी प्राप्त की। आकर्षक चित्रों और सरल भाषा में तैयार प्रदर्शनी ने छात्राओं का ध्यान आकर्षित किया।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

डीएसपी प्रतिभा मरकाम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि नए आपराधिक कानूनों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि नए प्रावधान त्वरित न्याय, प्रभावी कानूनी संरक्षण और मजबूत न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की घटना होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

‘गुड टच–बैड टच’ और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से ‘गुड टच–बैड टच’ विषय पर जागरूकता वीडियो दिखाया गया। छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, अनुचित व्यवहार की स्थिति में माता-पिता, शिक्षक, विश्वसनीय वयस्क या पुलिस को तुरंत जानकारी देने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

छात्राओं ने पूछे सवाल, पुलिस ने दिए जवाब

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नए कानूनों, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया। छात्राओं ने इस पहल को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कानूनों की जानकारी लेकर जागरूक नागरिक बनने और समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने की अपील की।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button