अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 09 आरोपियों को पकड़ा, न्यायालय में किया गया पेश
कोरबा, 08 अक्टूबर 2026। लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए कोतवाली पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 09 वारंटी एवं बदमाशों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।
इन 9 लोगों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में मनोज कुमार उर्फ रवि नवरंग (26), विक्रम सिंह (28), राकेश यादव उर्फ लालू (20), कवि यादव (32), रविंद्र निषाद (40), अनिल कुमार गुप्ता (45), धनराज शर्मा (40), विनीत कश्यप (28) और थॉमसन बेंजामिन (42) शामिल हैं। सभी कोरबा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
वारंट तामिली के लिए लगातार दबिश
थाना कोतवाली क्षेत्र में लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली के साथ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने आज अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 09 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों एवं फरार वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





