featuredछत्तीसगढ़

कानून व्यवस्था, जिला स्तरीय एनकॉर्ड एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम बेहतर आपसी समन्वय के साथ कानून व्यवस्था रखें दुरुस्त- कलेक्टर श्री वसंत

दायित्वों का गम्भीरता से निर्वहन करें, सूचना तंत्र मजबूत रखें, जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाएं- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल

अंबिकापुर,24सितंबर,2026।कलेक्टर अजीत वसंत अग्रवाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में गुरुवार को जिला कलेक्टरेट कार्यालय के सभाकक्ष में कानून व्यवस्था, जिला स्तरीय नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समन्वय समिति एवं जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से कानून व्यवस्था, जिला स्तरीय एनकॉर्ड एवं सड़क सुरक्षा समिति आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में  अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं रामसिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी,नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सर्व एसडीएम, एसडीओपी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए समन्वित कार्रवाई, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे के कारोबार पर सख्ती के निर्देश

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशे के दुष्प्रभावों से आमजन को बचाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समन्वय समिति की बैठक में मादक पदार्थों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक में जिले में मादक पदार्थों की उपलब्धता, अवैध बिक्री एवं तस्करी से जुड़े मामलों तथा पूर्व में की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नशे के विरुद्ध अभियान को प्रभावी बनाने कहा गया। अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि जिले के शैक्षणिक संस्थानों, स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान, सड़क संकेतकों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजामों, अतिक्रमण की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को चिन्हांकित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ ही स्कूलों, प्रमुख बाजारों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी चर्चा की गई। बैठक में यातायात नियमों के पालन को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान स्कूल बसों में सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एनएच के किनारे अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी कार्यवाही करने कहा गया। कलेक्टर श्री वसंत ने पीएम राहत/ रनवीर योजना का समस्त विकासखंडों में व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने कहा गया।

अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कानून व्यवस्था की बैठक में जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई तथा अपराधों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में कानून की स्थिति, लंबित प्रकरणों, असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर श्री वसंत ने पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों को गम्भीरता से लें तथा नियमानुसार कार्यवाही करें। वहीं स्थगन सम्बन्धी मामलों का पालन सुनिश्चित करें, पुलिस एवं राजस्व की टीम समन्वय रखें। साथ ही त्योहारों एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि आने वाला समय योहारों का समय होगा। इसलिए सभी अपने दायित्वों का गम्भीरता से निर्वहन करें, सजग रहें और सूचना तंत्र मजबूत रखें। ताकि किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी पूर्व से ही मिल जाए। जिनकी मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई जाएगी, वे अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। उन्होंने बैठक में आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने तथा जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button