
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जूटमिल क्षेत्र के मौदहापारा में दबिश देकर जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया, जहां से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग ताश के पत्तों से पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड की। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि 8 जुआरियों को मौके से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अलेख कुमार पटेल, भरत माखीजा, मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू, हमीद अली, कर्नल सिंह, जय कुमार सिंह, मोहम्मद अजीज और मोहम्मद गुलफाम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹24,200 नगद और 52 पत्तों की ताश जब्त की है।
जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू और जय कुमार सिंह क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश हैं। थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने सभी आरोपियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही BNSS की धारा 170/126, 135(3) के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि ऐसे गैरकानूनी कार्यों से दूर रहें, अन्यथा कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



