ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के निर्देश

कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने चाकाबुड़ा में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के जन प्रतिनिधि उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित ठेकेदार को कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रेमचंद पटेल ने निर्माण कार्य की स्थिति का अवलोकन किया और स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा और छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
विधायक ने संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
विधायक के इस औचक निरीक्षण को क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और निर्माण कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





