featuredछत्तीसगढ़

जनजागरूकता की नई पहल: बिलासपुर पुलिस ने चेतना अभियान के तहत तीन लघु फिल्मों का किया विमोचन

एसएसपी रजनीश सिंह बोले— जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित “चेतना अभियान” के तहत जनजागरूकता को नई दिशा देते हुए सामाजिक सरोकारों पर आधारित तीन महत्वपूर्ण लघु फिल्मों का भव्य विमोचन चेतना भवन, पुलिस ग्राउंड में किया गया। कार्यक्रम रजनीश सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें लिव-इन रिलेशनशिप, यातायात जागरूकता और साइबर क्राइम जैसे समसामयिक विषयों पर आधारित फिल्मों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसपी रजनीश सिंह ने कहा कि बदलते समय में केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता आधारित लघु फिल्में युवाओं तक प्रभावी संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं और बिलासपुर पुलिस भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक प्रयास जारी रखेगी।

तीन महत्वपूर्ण विषयों पर दिया गया संदेश

लिव-इन रिलेशनशिप पर आधारित फिल्म के माध्यम से युवाओं को किसी भी रिश्ते में आने से पहले उसके सामाजिक, कानूनी और भावनात्मक पहलुओं को समझने का संदेश दिया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

यातायात जागरूकता पर आधारित फिल्म में सड़क पर स्टंट, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले गंभीर हादसों को दर्शाते हुए युवाओं से सुरक्षित वाहन चलाने और नियमों का पालन करने की अपील की गई।

साइबर क्राइम जागरूकता फिल्म में स्कूली विद्यार्थियों ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों को सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। फिल्म के माध्यम से नागरिकों से डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया गया।

कलाकारों और तकनीकी टीम का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान फिल्मों से जुड़े कलाकारों एवं तकनीकी टीम को बिलासपुर पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. राहुल पारीक, आकांक्षा सिंह राठौड़, किशन यादव, श्रावणी नायडू, अशोक उपाध्याय, शत्रुघ्न जसवानी तथा दीपांशी घोष शामिल रहे।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. अंकुल ठकराल, डॉ. इरशाद खान, डॉ. आशीष सिंह, मधुलिका सिंह, रामगोपाल करियारे सहित अनेक पुलिस अधिकारी, शिक्षाविद्, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन उमा शंकर पांडेय ने किया।

कार्यक्रम के अंत में बिलासपुर पुलिस ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए जनजागरूकता आधारित फिल्में अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं। चेतना अभियान के तहत भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक विषयों पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button