
रायगढ़, 28 अप्रैल 2026। जिले के थाना छाल पुलिस ने पशुक्रूरता और गौवंश वध के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नरेन्द्र कुमार चंद्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल को चरने छोड़ा गया उसका मवेशी अगले दिन ग्राम गड़ाईनबहरी रोड किनारे एक गड्ढे में मृत अवस्था में मिला। घटनास्थल से मवेशी को काटने में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया गया।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी रामसाय सारथी (60), निवासी राजीव नगर खरसिया, हाल मुकाम नवापारा थाना छाल की भूमिका सामने आई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
इस मामले में थाना छाल में अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश के प्रति क्रूरता और उनके वध जैसे अपराधों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



