featuredछत्तीसगढ़

पोस्ट ऑफिस आरडी के नाम पर 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी! 150 खाताधारक बने शिकार, एजेंट गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर हर महीने रकम जमा करने का भरोसा दिलाकर 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। थाना चांपा पुलिस ने मामले में पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर 03 मोबाइल, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाने और नियमित राशि जमा कराने के नाम पर खाताधारकों से रकम लेता था। रकम जमा करने के बाद खाताधारकों की डायरी में एंट्री तो की जाती थी, लेकिन पूरी राशि पोस्ट ऑफिस के खातों में जमा नहीं की जाती थी। प्रारंभिक जांच में करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की रकम खातों में जमा नहीं किए जाने की बात सामने आई है।

₹1.21 लाख लिए, खाते में जमा किए सिर्फ ₹21 हजार

मामले का खुलासा चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन की शिकायत से हुआ। प्रार्थी के मुताबिक कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। आरोपियों ने पोस्ट ऑफिस में आरडी जमा करने पर बेहतर लाभ मिलने का भरोसा दिलाकर उसका खाता खुलवाया।

प्रार्थी से 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 तक कुल ₹1,21,200 जमा करने के नाम पर लिए गए और इसकी एंट्री डायरी में की जाती रही। लेकिन पोस्ट ऑफिस से खाते की जानकारी लेने पर महज ₹21,000 ही जमा होना पाया गया। यानी ₹1,00,200 की रकम खाते में जमा ही नहीं की गई।

इसके बाद प्रार्थी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 316(5), 318(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में खुला 150 खाताधारकों का राज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु पिता राजेश गुप्ता, उम्र 39 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी की रकम पोस्ट ऑफिस खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की।

जांच आगे बढ़ी तो मामला एक खाताधारक तक सीमित नहीं रहा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में पोस्ट ऑफिस के करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लेकर उसे खातों में जमा नहीं करने की बात कबूल की है। इस खुलासे के बाद पुलिस मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और लेनदेन की भी जांच कर रही है।

शेयर ट्रेडिंग में लगाने का दावा

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गबन की गई रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 03 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। इनसे लेनदेन और रकम के इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस द्वारा की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरडी के नाम पर करोड़ों की रकम के इस मामले ने खाताधारकों के बीच भी चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने खाताधारकों से कितनी राशि ली गई और रकम का वास्तविक इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button