featuredछत्तीसगढ़

ई-मेल में एक शब्द बदलकर 28 लाख की साइबर ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड, चांपा को राउरकेला इस्पात संयंत्र के नाम से भेजे गए फर्जी ई-मेल में बैंक खाता बदलकर 28 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस की साइबर टीम ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी को भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक ग्राम परिगमा, जिला सीतामढ़ी से स्थानीय पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, ठगों ने राउरकेला इस्पात संयंत्र की ई-मेल आईडी से मिलती-जुलती आईडी तैयार कर उसमें महज एक शब्द में बदलाव किया और प्रकाश इंडस्ट्रीज को भुगतान के लिए बैंक खाते से संबंधित जानकारी भेजी। कंपनी ने ई-मेल को वास्तविक समझकर 28 लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में राउरकेला इस्पात संयंत्र से भुगतान की पुष्टि करने पर पता चला कि उन्हें रकम मिली ही नहीं। इसके बाद फर्जी ई-मेल के जरिए ठगी का खुलासा हुआ।

मामले में साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66 सी/डी आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

बैंक डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। ठगी की रकम जिस बैंक खाते में पहुंची, वह पंकज मुखिया पिता जहरा मुखिया, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम परिगमा, थाना चरौत, जिला सीतामढ़ी, बिहार के नाम पर मिला।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने आधार कार्ड में पहले दिल्ली का पता दर्ज कराया था, जिसे बाद में बिहार के पते पर अपडेट कराया गया। बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर, सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

साइबर टीम बिहार के थाना चरौत क्षेत्र में पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी पंकज मुखिया को गिरफ्तार कर लिया।

साइबर ठगी की रकम बांटने की बात कबूली

पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अपने नाम से बैंक खाता खुलवाने और साइबर ठगी की रकम उस खाते में मंगाकर आपस में बांटने की बात स्वीकार की। आरोपी ने अपने हिस्से में आई रकम को खर्च कर देने की जानकारी भी पुलिस को दी है। मामले में अन्य सह आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।

आरोपी को बिहार के सक्षम न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया, जिसके बाद पुलिस उसे जांजगीर-चांपा लेकर पहुंची। यहां न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल दाखिल किया गया।

28 लाख में से 23 लाख रुपये होल्ड

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ठगी की रकम में से 23 लाख रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली है। साइबर क्राइम पोर्टल/1930 पर समय रहते शिकायत दर्ज होने के कारण यह कार्रवाई संभव हुई। पुलिस द्वारा उक्त रकम को वापस कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस की अपील—ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर क्राइम पोर्टल, हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि शिकायत जितनी जल्दी दर्ज होगी, ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, आरक्षक शहबाज खान एवं गिरीश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button