
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रहे “सुशासन तिहार 2026” के तहत गुरुवार को नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन कार्यालय परिसर में चौथे सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जनसमस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण से सुशासन की संकल्पना साकार हो रही है।


महापौर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा है कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी सीधे आमजन से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझें और उनका तत्काल समाधान करें। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र के 67 वार्डों में व्याप्त समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है। उन्होंने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि झुग्गी बस्तियों के निवासियों को मालिकाना हक दिलाने का संकल्प जल्द पूरा होने जा रहा है।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए सुशासन तिहार शिविर प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, साफ-सफाई, राशन कार्ड और आधार कार्ड जैसी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा रहा है।

वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सीधे जनता से जोड़ना है। वहीं पार्षद अब्दुल रहमान ने इसे मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू की गई सराहनीय पहल बताया। वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व सभापति अशोक चावलानी ने कहा कि सरकार केवल वादे नहीं करती बल्कि उन्हें पूरा भी करती है।
ई-बाइक से पहुंचे आयुक्त, दिया ईंधन बचाने का संदेश

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय हेलमेट पहनकर ई-बाइक से शिविर स्थल पहुंचे और लोगों को ईंधन बचाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी ई-बाइक के उपयोग की अपील की। आयुक्त ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन के सात वार्डों में वर्ष 2023 से अब तक 32 करोड़ 32 लाख रुपये के 94 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 54 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 27 कार्य प्रगतिरत हैं और 13 कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास की चाबियां और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं श्रद्धांजलि योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा राशन कार्ड वितरण भी किया गया। जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और छड़ी जैसी सहायता सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही।



