
कोरबा । नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्वच्छता कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खुले वाहन में कचरा परिवहन करने, नियमित सफाई नहीं करने और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर संबंधित एजेंसियों, स्वच्छता निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को निगम मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में आयोजित बैठक में आयुक्त ने स्वच्छता कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधियों, स्वच्छता निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों के साथ शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कचरे का परिवहन करते समय वाहन ट्रॉली को तिरपाल से पूरी तरह ढंकना अनिवार्य होगा। यदि कहीं भी बिना ढंके कचरा परिवहन की शिकायत मिली तो संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई तय मानी जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि सभी वार्डों में नियमित रूप से सड़क और नालियों की सफाई होनी चाहिए तथा सफाई के दौरान निकले कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जाए। निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं, जो सफाई व्यवस्था सहित निगम के अन्य कार्यों की निगरानी करेंगे। वहीं सफाई ठेकेदारों को भी वार्डवार सुपरवाइजर नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
समय पर सफाई नहीं होने पर लगेगा जुर्माना
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि यदि तय समय पर सफाई नहीं हुई और वार्डों में कचरा बिखरा मिला तो संबंधित एजेंसी पर अर्थदंड लगाया जाएगा। साथ ही संबंधित स्वच्छता निरीक्षक और पर्यवेक्षक का एक दिन का वेतन भी काटा जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारी कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारी से कार्य करें।
31 मई से पहले नालियों की सफाई पूरी करने के निर्देश
बरसात के मद्देनजर आयुक्त ने बड़े नालों और नालियों की सतह से सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले 31 मई तक नालियों की सफाई पूरी कर ली जाए ताकि जलभराव की स्थिति न बने।
जीवीपी प्वाइंट दोबारा बनने पर होगी कार्रवाई
बैठक में आयुक्त ने कहा कि शहर के सभी जीवीपी प्वाइंट समाप्त कर उनका सौंदर्यीकरण किया जा चुका है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी दोबारा कचरा फेंककर जीवीपी प्वाइंट न बनाए जाएं। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों में कचरा फेंकने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
नालियों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश
आयुक्त ने अधिकारियों को नालियों के ऊपर बनाए गए रैंप और अन्य अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अतिक्रमणों के कारण नालियों की सफाई प्रभावित होती है और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संजय तिवारी सहित स्वच्छता विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



