नगर निगम का ओपन थिएटर में दूसरे वर्ष में आयोजन
कोरबा 15अक्टूबर। अश्विन नवरात्र के अवसर पर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक नगर कोरबा में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के द्वारा लगातार दूसरे वर्ष भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। आज गुरुवार 15 अक्टूबर की रात्रि ओपन थिएटर में इसका शुभारंभ होगा। रामलीला से पहले राम भक्त हनुमान की पूजा अर्चना होगी और पंडित शिवराज शर्मा और उनकी टीम सुंदरकांड का संगीतमय पाठ करेगी। एडवांस इक्विपमेंट और साउंड लाइट इफेक्ट के साथ यह आयोजन ख़ास होगा।
नगर पालिका निगम कोरबा की ओर से रामलीला आयोजन के लिए वाराणसी के एक समूह को आमंत्रित किया गया है जो अगले 5 दिन तक विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेगी । नगर निगम ने इस बार कुछ परिवर्तन किए हैं और इन्नोवेटिव आईडियाज को इसमें शामिल किया है। इसी के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लोक गायक और शिक्षा में नवाचार के लिए राज्यपाल से सम्मानित पंडित शिवराज शर्मा को यहां पर सुंदरकांड पाठ के लिए आमंत्रित किया गया है। उनके साथ पूरी टीम संकट मोचन श्री हनुमान की पूजा अर्चना के साथ सुंदरकांड का पाठ करेगी। शाम 7:00 से 9:00 तक का समय इस कार्यक्रम के लिए अधिसूचित किया गया है। कई अवसर पर शर्मा बंधुओं की टीम ऐसे सफल कार्यक्रम कर चुकी है। नगर निगम की सोच यह है कि जब रामलीला होना है तो श्री राम के परम भक्त हनुमान की महिमा का वर्णन भी किया जाए।
पंडित शिवराज शर्मा ने कहा की नवरात्र पर शक्ति की उपासना होती है और ऐसे में भगवती की आराधना के साथ संकट मोचन के साथ बहुत सारे लोग किसी कार्यक्रम के माध्यम से जुड़ते हैं तो निश्चित रूप से उनका भी कल्याण होगा।





