featuredछत्तीसगढ़

बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान

नए शिक्षण सत्र से पहले 89 स्कूली वाहनों की जांच, 10 चालकों पर कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 20 जून 2026। आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस एवं जिला परिवहन विभाग द्वारा पुलिस लाइन खोखरा भांठा जांजगीर में विशेष वाहन जांच एवं फिटनेस शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में आयोजित इस संयुक्त अभियान में 89 स्कूल बसों एवं वैनों की व्यापक जांच की गई।

शिविर में सभी स्कूली वाहनों का पंजीयन कर निर्धारित 16 बिंदुओं पर भौतिक सत्यापन एवं तकनीकी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, चालक लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसके अलावा सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा तथा फर्स्ट एड बॉक्स जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।

चालकों और हेल्परों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा वाहन चालकों एवं हेल्परों का नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने चालकों की दृष्टि क्षमता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मानकों की जांच कर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिला परिवहन विभाग द्वारा संबंधित चालकों से कुल 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

सुरक्षा नियमों के पालन की दी हिदायत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, वाहन संचालन के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी जांच शिविरों में कमियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शिविर में RTO प्रदीप शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. आशा कोसले, डॉ. आलोक दुबे, डॉ. पंचराम केवंट, हरिशंकर धीवर, श्रद्धा दुबे, यातायात शाखा से निरीक्षक सुभाष चौबे, यशवंत वर्मा, अनुराग सिंह सहित परिवहन, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह संयुक्त पहल नए शिक्षण सत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button