
सक्ती। आईपीएल मैचों में सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना सक्ती पुलिस ने ऑनलाइन एप के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (भापुसे) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रापुसे) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में आईपीएल सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रानीसागर तालाब के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों में रन, बॉल और विकेट पर रुपए का दांव लगाकर सट्टा खिला रहा है। सूचना पर थाना सक्ती पुलिस एवं साइबर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
मौके पर एक व्यक्ति मोबाइल चलाते मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम भुपेन्द्र राठौर (28 वर्ष), निवासी रानीसागर पारा, वार्ड नंबर 09 सक्ती बताया। उसके मोबाइल की जांच करने पर विभिन्न बेटिंग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन करना पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी क्यूआर कोड जनरेट कर अलग-अलग साइटों पर आईडी बनाता था और उन्हें व्हाट्सएप के जरिए अन्य लोगों को उपलब्ध कराकर आईपीएल सट्टा में लाखों रुपए का लेनदेन कर रहा था। आरोपी से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत अपराध दर्ज कर 30 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सक्ती पुलिस एवं साइबर टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सट्टा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



