featuredछत्तीसगढ़

शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने विभिन्न स्थलों का लिया जायजा

जशपुर में कई निर्माण स्थलों का किया औचक निरीक्षण

जुदेव चौक सौंदर्यीकरण से लेकर ऑडिटोरियम, नालंदा परिसर और स्वच्छता केंद्र तक लिया जायजा

जशपुरनगर 21 मई 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास ने बुधवार को नगर पालिका जशपुर अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष  अरविंद भगत, सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने प्रमुख निर्माण स्थलों का निरीक्षण करते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर  रोहित व्यास ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह निरीक्षण शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

जुदेव चौक बनेगा आकर्षण का केंद्र

कलेक्टर ने रंजीता स्टेडियम के समीप जुदेव चौक में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से हो रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यहां आकर्षक फव्वारा, सूर्य नमस्कार की 12 मुद्राओं की प्रतिकृतियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही रोप लाइट से सुसज्जित पेड़, बड़ी घड़ी के साथ सेल्फी प्वाइंट, हरियाली, पेवर ब्लॉक, बैठने की व्यवस्था एवं गेट निर्माण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्य को भव्य और आकर्षक बनाते हुए बारिश से पहले पूर्ण किया जाए।

बाधरकोना में 7 करोड़ का ऑडिटोरियम

कलेक्टर ने बाधरकोना में 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 300 सीटर ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने फाउंडेशन कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए तहसीलदार को निर्माण क्षेत्र का सीमांकन कर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। इस ऑडिटोरियम के बनने से सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में शहरवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

500 सीटर नालंदा परिसर से मिलेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने 11 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 500 सीटर नालंदा परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परिसर छात्रों को आधुनिक लाइब्रेरी, डिजिटल अध्ययन सुविधा एवं व्यवस्थित पढ़ाई का वातावरण प्रदान करेगा, जो युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सामुदायिक भवन से सामाजिक गतिविधियों को मिलेगा बल

पुरानीटोली में लगभग पूर्ण हो चुके सामुदायिक भवन का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने फॉल्स सीलिंग एवं रंग-रोगन कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस भवन के तैयार होने से शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए नागरिकों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

स्वच्छता प्रबंधन केंद्र का भी लिया जायजा

कलेक्टर ने एस.एल.आर.एम. (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) कार्य प्रक्रिया केंद्र का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का अवलोकन किया। यहां रिड्यूस, रीयूज़ और रिसाइकल तकनीक के माध्यम से कचरे की छंटाई की जा रही है। उन्होंने स्वच्छता दीदियों से बातचीत कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। केंद्र में निष्ठा ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जा रही है तथा मास्क, दस्ताने, जूते, जैकेट जैसे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्कीकरण, धुलाई एवं साफ-सफाई, यूजर चार्ज कलेक्शन तथा सूखे कचरे की बिक्री की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। सेनेटरी वेस्ट के निपटान के लिए इंसिनरेटर की व्यवस्था भी की गई है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button