रायपुर, अंबिकापुर,कोरबा। अग्रवाल समाज के आराध्य एवं समाज के प्रेरणास्रोत महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश घोषित किए जाने से अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल है। समाज के लोगों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, सेवा, परोपकार, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किया जाना उनके आदर्शों और सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि इस निर्णय से समाज के लोगों में विशेष उत्साह है और प्रदेशभर में अग्रसेन जयंती को और अधिक व्यापक स्तर पर मनाने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
समाजजनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि शासन का यह निर्णय समाज की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा को सम्मान देने वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाराजा अग्रसेन के ‘एक रुपया और एक ईंट’ जैसे सहयोग एवं सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए समाज निरंतर कार्य करता रहेगा।





