स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सहयोग देने की अपील

उत्तरप्रदेश,बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत टाउनशिप परिसर स्थित सब्जी मंडी में “अपशिष्ट से समृद्धि” थीम पर कला और शिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) संजय असाटी तथा वर्तिका महिला मंडल समिति की अध्यक्ष नीलू असाटी ने किया।
प्रदर्शनी में अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री से तैयार किए गए आकर्षक क्राफ्ट, सजावटी वस्तुएं, फर्नीचर और अन्य रचनात्मक उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण और संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश दिया गया। प्रदर्शनी को देखने पहुंचे लोगों ने कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए इस पहल को पर्यावरण जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने कहा कि अनुपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण चक्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे प्रयासों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।





