
कोरबा, 28 अप्रैल 2026। जिले में अपराध नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना दर्री में मैत्री महिला हेल्पलाइन विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) प्रतिभा मरकाम द्वारा किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देना और उन्हें बिना भय व झिझक के पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान प्रतिभा मरकाम ने मैत्री महिला हेल्पलाइन की उपयोगिता, सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सामाजिक अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास कायम करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में अभिव्यक्ति ऐप और मैत्री हेल्पलाइन नंबर 9479282100 के माध्यम से त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।
थाना दर्री में आयोजित इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याएं साझा करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सजग और सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही मैत्री हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग कर सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।



