
जांजगीर-चांपा,25 अप्रैल 2026।जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खनिज विभाग की राज्य स्तरीय टीम और राजस्व व जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम नवापारा में छापेमारी कर दो चैन माउंटेन मशीनों को जब्त किया।

जानकारी के अनुसार, यह औचक कार्रवाई शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की गई। एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान ने बताया कि संयुक्त टीम हसदेव नदी घाट का निरीक्षण कर रही थी, तभी मौके पर अवैध रूप से रेत उत्खनन और डंपिंग का मामला सामने आया।
टीम के पहुंचने की भनक लगते ही उत्खनन में लगे लोग मशीनों को पास के एक ग्रामीण की बाड़ी में छुपाकर फरार हो गए। हालांकि, निरीक्षण टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दोनों मशीनों को जब्त कर लिया।
जब्त की गई रेत को खनिज विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार निगरानी के साथ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



