
कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा नागरिकों को घर की सुरक्षा और यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शादी, घूमने या अन्य यात्रा पर जाने से पहले अपने घर की सुरक्षा सुनिश्चित करें, ताकि चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके। घर से निकलने से पूर्व सभी दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद करें तथा कीमती सामान, नगदी और आभूषण सुरक्षित स्थान या बैंक लॉकर में रखें।
इसके अलावा, घर की देखरेख के लिए किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपने और पड़ोसियों को अपनी अनुपस्थिति की जानकारी देने की भी सलाह दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर घरों में CCTV कैमरे लगाने और अनजान लोगों से घर से जुड़ी जानकारी साझा करने से बचने पर भी जोर दिया गया है।
यात्रा के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया पर लोकेशन या यात्रा से संबंधित जानकारी तुरंत साझा न करने, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष सुरक्षा का ध्यान रखने तथा जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सजग और सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करें।
पुलिस के अनुसार, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधों की रोकथाम के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



