featuredछत्तीसगढ़

व्यूज़ और लाइक्स के लिए मौत से खेल रहे थे युवक, रायगढ़ पुलिस ने 5 स्टंटबाजों को सिखाया कानून का पाठ

मेडिकल कॉलेज के पीछे स्टंटबाजी पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई

रायगढ़, 12 जून 2026। मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर युवकों द्वारा खतरनाक बाइक स्टंट किए जाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्टंट वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने पांच युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के पीछे पाइप लाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ युवक ऊंचाई से तेज रफ्तार में बाइक चलाकर स्टंट कर रहे थे और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में युवक वहां पहुंचने लगे थे, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह और चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने तत्काल मौके पर अवरोधक लगाए तथा क्षेत्र में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी।

इसके बावजूद गुरुवार को पांच युवक दोबारा स्टंट करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने पकड़कर एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया। एसएसपी ने युवकों को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और व्यूज़ के लिए अपनी जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रखने की अपील की।

डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाने की तैयारी की जा रही है।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:
“रोमांच और सोशल मीडिया के व्यूज़ के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। अभिभावक भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे खतरनाक स्टंट से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।”

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button