‘सेवा के रंग, देश के संग’ थीम पर विद्यार्थियों ने बिखेरे रचनात्मकता के रंग, कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने किया उत्साहवर्धन


कोरबा,14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम में संचालित विद्युत गृह हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-दो में सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘सेवा के रंग, देश के संग’ थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों का अवलोकन एचटीपीएस के कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने किया। उन्होंने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कांति गोस्वामी ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के परिणामों में कला संकाय, कक्षा 12वीं (अ) की छात्रा कांति गोस्वामी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, इसी कक्षा के छात्र देवप्रकाश ध्रुव ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि विज्ञान संकाय, कक्षा 12वीं की छात्रा खुशबू जाल तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्र-छात्राओं को कार्यपालक निदेशक श्री सिंह के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
विद्यार्थियों को बताया सेवा संकल्प अभियान का महत्व
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कार्यपालक निदेशक श्री एचके सिंह ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों को समझाते हुए सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी द्वारा कोरबा पश्चिम क्षेत्र में विद्युत गृह हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-दो का संचालन किया जाता है। विद्यालय की स्थापना 14 नवंबर 1984 को हुई थी।
कार्यक्रम में कारखाना प्रबंधक एके शाह, विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र सिन्हा, शिक्षक आभारानी गोस्वामी, संगीता रावत, स्मिता शर्मा एवं सुदीप चक्रवर्ती ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उईके ने किया। इस अवसर पर मुख्य रसायनज्ञ देवेश दुबे सहित विद्युत संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।





