सरदार पटेल की जीवनी पर छात्र- छात्राओं ने दिए प्रेरक भाषण, थाना परिसर में सजाई राष्ट्रीय एकता की रंगोली; पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बताए साइबर सुरक्षा के गुर, पेन-कॉपी और मिठाई देकर बढ़ाया उत्साह

कोरबा। जिले के दर्री थाना परिसर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जागरूकता से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, थाना स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षक- शिक्षिकाएं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान जहां बच्चों ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया, वहीं उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर भी मिला।




कार्यक्रम PSI रविंद्र निकुंज एवं सहायक उपनिरीक्षक संतोष तांडी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व से परिचित कराने के साथ ही पुलिस की जिम्मेदारियों, कानून व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।



थाने के भीतर पहुंचकर बच्चों ने समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण थाना भ्रमण रहा। PSI रविन्द्र निकुंज और सहायक उपनिरीक्षक ललित जायसवाल ने स्कूली बच्चों को पूरे थाना परिसर का भ्रमण कराया और पुलिस विभाग की विभिन्न कार्यप्रणालियों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को विवेचक कक्ष, बंदी गृह (लॉकअप) CCTNS तथा थाने के विभिन्न विभागों का अवलोकन कराया गया।


सहायक उपनिरीक्षक ललित जायसवाल ने बच्चों को शस्त्र संबंधी जानकारी दी वहीं PSI रविन्द्र निकुंज ने बच्चों को बताया विवेचक कक्ष में किस प्रकार अपराधों की जांच और विवेचना से संबंधित कार्य किए जाते हैं। वहीं बंदी गृह की व्यवस्था और पुलिस द्वारा कानून के दायरे में रहकर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में भी समझाया गया।
बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। थाने की कार्यप्रणाली को इतने करीब से देखने का यह अनुभव उनके लिए बेहद रोचक और ज्ञानवर्धक रहा। इस पहल से बच्चों को पुलिस के प्रति सकारात्मक समझ विकसित करने तथा कानून व्यवस्था के महत्व को जानने का अवसर मिला।
रंगोली में उकेरी राष्ट्रीय एकता की भावना, छात्र-छात्राओं ने किया सरदार पटेल का गुणगान

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता की भावना पर आधारित आकर्षक रंगोली सजाई। रंगों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश प्रस्तुत किया गया।

इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।
भाषण देने वाले छात्र-छात्राओं में तानिया पटेल, माही, पायल साहू और सद्दाम प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के संघर्षपूर्ण जीवन, दृढ़ इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और देश की रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
बच्चों ने बताया कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, साहस और मजबूत संकल्प के बल पर स्वतंत्र भारत की एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और पूरे वातावरण में देशभक्ति का भाव देखने को मिला।

PSI रविंद्र निकुंज ने बच्चों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स
कार्यक्रम के दौरान PSI रविंद्र निकुंज ने बच्चों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
उन्होंने वर्तमान डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की समझाइश दी। बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी एवं पासवर्ड साझा नहीं करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों या पुलिस को देने की सलाह दी गई।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही उन्हें कानून का सम्मान करने, यातायात नियमों का पालन करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
पेन-कॉपी और मिठाई देकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। दर्री थाना स्टाफ की ओर से बच्चों को पुरस्कार स्वरूप पेन, कॉपी एवं अन्य शिक्षण सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही मिठाइयां वितरित कर बच्चों की खुशियों को दोगुना किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों की रचनात्मकता, भाषण और सहभागिता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने दर्री पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों और पुलिस के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास का वातावरण तैयार होता है।
दर्री थाना के अधिकारियों और कर्मचारियों, जनप्रनिधियों की रही सक्रिय भागीदारी
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन को सफल बनाने में दर्री थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में PSI रविंद्र निकुंज, सहायक उप निरीक्षक संतोष तांडी, सहायक उप निरीक्षक ललित जायसवाल, उपनिरीक्षक शारदा वर्मा सहित थाना स्टाफ के मोतीलाल, रवि, रामस्वरूप, अजय यादव, कृष्ण भारद्वाज, राजेंद्र, ज्ञानेश्वरी, मनोज यादव, कृष्णा तिवारी, लक्ष्मी नारायण बघेल, जागेश्वर, संध्या राज एवं उदय सिंह पार्षद जनक सिंह राजपूत , शिक्षक – शिक्षिकाएं सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
बच्चों और पुलिस के बीच बढ़ा संवाद, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
दर्री थाना परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल राष्ट्रीय एकता दिवस के औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से बच्चों को देश के इतिहास, राष्ट्रीय एकता, पुलिस की जिम्मेदारियों और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की व्यावहारिक जानकारी भी मिली।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को यह संदेश दिया कि देश की एकता और अखंडता केवल नारों से नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, जिम्मेदारी, जागरूकता और कानून के सम्मान से मजबूत होती है। दर्री पुलिस की इस पहल ने बच्चों के मन में पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने की उत्सुकता बढ़ाने के साथ ही राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश भी दिया।





