CISF कार्यालय गेट और धरमजयगढ़ के ओंगना से चुराई थीं बाइक, नंबर प्लेट तोड़कर और रंग बदलकर छिपाई पहचान
शराब और पार्टी के लिए करते थे मोटरसाइकिल चोरी, 1.80 लाख रुपये की बाइक जब्त; तीसरा आरोपी फरार
रायगढ़। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घरघोड़ा पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। गिरोह का तीसरा सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को CISF इकाई NTPC तिलाईपाली में पदस्थ नीलम संजीव बेक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की सुबह घरघोड़ा स्थित CISF कार्यालय के गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामले में घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 नवंबर को लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों सुकसागर राठिया और देव पैंकरा को हिरासत में लिया गया। दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहकों से बातचीत कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने की नीयत से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने CISF कार्यालय के सामने से एक पल्सर और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ओंगना से दूसरी पल्सर चोरी करना बताया।
चोरी की बाइक की पहचान मिटाने की पूरी कोशिश
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी। इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया था। वहीं, एक सफेद-काली पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसका हुलिया भी बदल दिया गया था। हालांकि, पुलिस की जांच और आरोपियों की निशानदेही पर दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
दो आरोपी जेल भेजे गए, तीसरे की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुकसागर राठिया (20 वर्ष), निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20 वर्ष), निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास को देखते हुए बीएनएस की धारा 238 एवं 3(5) भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को उससे पूछताछ में अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। वाहन चोरी में शामिल गिरोहों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।







