बस्तर दौरे और ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर छिड़ी सियासत, सिंहदेव ने कहा– वे सिर्फ नरेंद्र मोदी नहीं, देश के प्रधानमंत्री हैं
अंबिकापुर/एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे और उनके द्वारा दिए गए ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें इवेंट मैनेजमेंट का एक्सपर्ट बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुछ बयान आपत्तिजनक थे और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की भाषा शोभा नहीं देती।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्हें अपनी व्यक्तिगत छवि से ऊपर उठकर संवैधानिक पद की गरिमा और जिम्मेदारी के अनुरूप बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब छत्तीसगढ़ आते हैं तो यह स्वागत योग्य है, लेकिन उनके भाषण और टिप्पणियां भी पद की मर्यादा के अनुरूप होनी चाहिए।
‘दिमागी नक्सली’ बयान पर जताई आपत्ति
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को बस्तर के करनपुर में सीआरपीएफ जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि हथियारबंद नक्सलवाद की चुनौती कमजोर हुई है, लेकिन विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों में मौजूद वैचारिक नक्सलवाद की चुनौती अभी भी बनी हुई है।
प्रधानमंत्री के इसी बयान पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई है। सिंहदेव ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद की गतिविधियां थमी हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की टिप्पणियां राजनीतिक और वैचारिक विवाद को बढ़ाने वाली हैं।
राहुल गांधी और भूपेश बघेल भी साध चुके हैं निशाना
प्रधानमंत्री के बयान को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्ति जताई थी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे और उनके बयान पर तंज कसा था।
इस बयानबाजी के बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मनाने के प्रधानमंत्री के दौरे के बाद अब ‘दिमागी नक्सली’ टिप्पणी प्रदेश की राजनीति में नया मुद्दा बन गई है।







