दुर्घटना के बाद पुलिस टीम को बनाया निशाना, रास्ता रोककर दी जान से मारने की धमकी; सभी आरोपियों ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण


जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने, पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। प्रकरण में शामिल सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपियों ने 23 नवंबर को नवागढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया।
दुर्घटना के बाद पुलिस टीम पर हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 की रात करीब 10:17 बजे थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम को लिंगवा रोड नवागढ़ में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रही थी।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे थार वाहन क्रमांक CG 11 BS 3187 के चालक ने डायल-112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
फोन कर बुलाए साथी, पुलिसकर्मियों से की मारपीट
घटना के बाद जब डायल-112 के पुलिसकर्मी वाहन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार चालक भावेश केशरवानी ने अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी सहित अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों का रास्ता रोक दिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी तथा शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया।
7 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
डायल-112 टीम की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 367/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 296, 351(3), 115(2), 121(1), 132, 126(2), 221 एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस आरोपियों की पतासाजी कर रही थी। इसी बीच सभी सात आरोपियों ने 23 नवंबर को नवागढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
मुख्य आरोपी के खिलाफ जिला बदर की तैयारी
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध गुंडा बदमाश घोषित करने तथा जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
भुनेश्वर केशरवानी
भावेश केशरवानी
राजू साहू
दीपक साहू
शुभम केशरवानी
राकेश चंद्रा
इतवारी खूंटे
पुलिस की सख्त चेतावनी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। पुलिस ने आम नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।
आपातकालीन सेवा में तैनात डायल-112 टीम पर हमला न केवल पुलिस व्यवस्था पर चोट है, बल्कि संकट में मदद की उम्मीद कर रहे आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर मामला है।







