featuredछत्तीसगढ़

स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने फील्ड में उतरे कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसएलआरएम केंद्रों एवं वार्ड का किया औचक निरीक्षण

खोखरा एसएलआरएम सेंटर में कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पृथक किया हुआ कचरा ही संग्रहित करने के निर्देश

स्रोत पर कचरा पृथक्करण की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू करने,सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर होगी जुर्माने की कार्रवाई

वार्ड क्रमांक 18 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का लिया जायजा

स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आयोजित होगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

जांजगीर-चांपा, 23 अगस्त 26। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेने के लिए चार मणिकंचन केंद्रों (एसएलआरएम) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 01, वार्ड क्रमांक 04 एवं वार्ड क्रमांक 18 स्थित मणिकंचन केंद्रों में कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की व्यवस्था का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खोखरा स्थित एसएलआरएम सेंटर में कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाने तथा पूर्व से एकत्रित कचरे का शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के अधिकारियों को शहर में स्रोत पर ही कचरे के पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से हो सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि दुकानों, बाजारों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पृथक किया हुआ कचरा ही संग्रहित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि दुकानदार एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपना कचरा नगर पालिका के निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन में ही दें। उन्होंने बिना पृथक्करण के कचरा देने वालों को कचरे के पृथक्करण के लिए समझाइश देने तथा नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अमले को सक्रिय रूप से कार्य करने को कहा।

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर हो जुर्माने की कार्रवाई

कलेक्टर ने सड़क, नाली अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जाए तथा नागरिकों को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।

स्वच्छता दीदियों से किया संवाद, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश

कलेक्टर श्री महोबे ने केंद्रों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों से संवाद कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा स्वच्छता दीदियों को कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वच्छता दीदियों को ग्लव्स, मास्क, सुरक्षा जूते एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

वार्ड क्रमांक 18 पहुंचकर देखी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था

इसके पश्चात कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने वार्ड क्रमांक 18 पहुंचकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने फील्ड में कार्यरत कचरा संग्रहण टीम के कार्यों का अवलोकन करते हुए घरों से कचरा संग्रहण एवं स्रोत पर कचरे के पृथक्करण की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर नगर पालिका की कचरा संग्रहण टीम को सौंपे। उन्होंने नागरिकों से सड़क, नाली एवं खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा नगर पालिका की कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

कलेक्टर श्री महोबे ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला को सोर्स सेग्रीगेशन, नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, व्यावसायिक क्षेत्रों में स्वच्छता तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के लिए कचरे का सही तरीके से संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button