रायगढ़। जिले में खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी के डीजल को खरीदने वाले पूजा ढाबा संचालक को भी पुलिस ने कार्रवाई के दायरे में लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपना ट्रक क्रमांक CG 15 EB 8542 सड़क किनारे खड़ा कर सो गया था। अगले दिन सुबह ट्रक की डीजल टंकी टूटी हुई मिली और डीजल गायब था।
जांच में सामने आया कि आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की डीजल टंकियां भी तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया था। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जाइलो कार से करता था ट्रकों की रेकी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उसने 17 नवंबर की रात अपनी महिंद्रा जाइलो कार से सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों की रेकी की। इसके बाद पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर खाली ड्रमों में डीजल भर लिया। चोरी का कुछ डीजल ट्रक चालकों को बेच दिया, जबकि कुछ संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश कुमार मखीजा को बेचने की बात स्वीकार की।
चोरी का डीजल खरीदने वाला ढाबा संचालक भी गिरफ्तार
आरोपी सूरज यादव से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूजा ढाबा में दबिश दी। यहां ढाबा संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया।
पुलिस ने सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर और ढाबा संचालक के कब्जे से 30 लीटर डीजल बरामद किया। कुल 80 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त की गई।
चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
सूरज यादव, पिता लोहरा राम यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान पता दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़।
मुकेश कुमार मखीजा, पिता विजय मखीजा, उम्र 44 वर्ष, निवासी बोईरदादर रायगढ़, संचालक पूजा ढाबा, संबलपुरी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा तथा आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल और शेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







