एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिए सख्त निर्देश, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण और रात्रि गश्त मजबूत करने पर जोर
रायगढ़, 21 नवंबर 2026। वर्षांत से पहले अपराधों के निराकरण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित मामलों के निराकरण, अपराध नियंत्रण और आगामी पुलिसिंग की कार्ययोजना पर विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले एक माह के भीतर थानों में लंबित अपराधों की पेंडेंसी कम की जाए और वर्षांत तक थानों में लंबित अपराधों का प्रतिशत 5% से नीचे लाने का लक्ष्य हासिल किया जाए। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने और लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने को कहा गया।

60 और 90 दिनों की समय-सीमा में अपराधों का निराकरण अनिवार्य
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज अपराधों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा वाले प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने, विवेचना पूर्ण होने के बाद लंबित चालान शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा सीसीटीएनएस पोर्टल में आवश्यक प्रविष्टियां समय पर करने के निर्देश दिए।
एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों और अनसुलझे मामलों की विशेष समीक्षा कर उनके निराकरण के लिए ठोस प्रयास करने को कहा गया। लंबित मर्ग प्रकरणों को भी तीन माह के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए।
ठंड में चोरी की वारदातों पर पुलिस अलर्ट, रात में बढ़ेगी गश्त

ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आसपास के जिलों में बाहरी गिरोहों की आवाजाही की जानकारी के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
जिले के पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने तथा इन स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
ऑपरेशन आघात, अंकुश और प्रहार की समीक्षा, बदमाशों पर शिकंजा
बैठक में ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन अंकुश, ऑपरेशन प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की थानावार समीक्षा की गई। एसएसपी ने इन अभियानों को और प्रभावी बनाने तथा आबकारी एक्ट, जुआ और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध गुंडा एवं निगरानी बदमाश की फाइल तैयार कर प्रस्ताव भेजने और जिला बदर की कार्रवाई के लिए लंबित प्रकरणों को वर्षांत तक आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। सट्टा खाईवालों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ उनकी अवैध संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए।
गुम इंसानों की दस्तयाबी और शिकायतों के निराकरण पर फोकस
लंबित गुम बालक-बालिकाओं एवं गुम इंसानों के मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने उनकी दस्तयाबी के लिए नए सिरे से प्रयास करने को कहा। रिश्तेदारों, पंच-सरपंच, सहेलियों और परिचितों से पूछताछ के साथ मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग कर पतासाजी करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
NETGRID से होगी फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश
तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए एसएसपी ने NETGRID सॉफ्टवेयर का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। फरार आरोपियों, वारंटियों और गुम इंसानों का डाटा अपलोड कर उनकी पतासाजी में तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया।
सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक अपराध में ई-साक्ष्य तैयार करने तथा आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र से संबंधित जानकारी स्पष्ट, तथ्यात्मक और समय पर भेजने के निर्देश भी दिए गए।
किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य, अवैध प्रवासियों पर निगरानी
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने और मकान मालिकों को किराएदारों की संपूर्ण जानकारी सिटीजन पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए जागरूक करने को कहा।
बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध रूप से निवासरत लोगों की पहचान सुनिश्चित करने, अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों की जांच करने तथा बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। होटल, लॉज और अन्य अस्थायी निवास स्थलों पर भी नियमित जांच और निगरानी रखने को कहा गया।
तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रतिदिन अभियान चलाकर तेज रफ्तार वाहनों की जांच करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत अधिकाधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी, एफएसएल अधिकारी, रक्षित निरीक्षक तथा सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
रायगढ़ पुलिस का लक्ष्य स्पष्ट है—वर्षांत तक लंबित अपराधों में बड़ी कमी, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए मजबूत पुलिसिंग।







