जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रिपोर्ट के चंद घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त
जांजगीर-चांपा। पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर गाली-गलौच और मारपीट करते हुए जानलेवा हमला करने के मामले में जांजगीर पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई। घायल युवक को उपचार के लिए जांजगीर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नोहर नाथ गोस्वामी निवासी लच्छनपुर केराझरिया ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 नवंबर 2026 की रात वह अपने नाती-पोतों को मोटरसाइकिल से लेकर चांपा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चांपा एनीकट के पास उसकी मुलाकात गांव के विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत से हुई। पुरानी बात को लेकर विक्की ने उसके साथ गाली-गलौच की और मारने के लिए दौड़ाया। जान बचाकर प्रार्थी अपने घर पहुंचा और अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया।
आरोप है कि विक्की दरवाजा धक्का देकर घर के अंदर घुस गया और गाली-गलौच करने लगा। आवाज सुनकर प्रार्थी की पत्नी बाहर आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर प्रार्थी के बेटे वीरेंद्र गोस्वामी और लुकेश्वर गोस्वामी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी विक्की एनीकट की ओर भागा, जहां उसका भाई कन्हाई सिंह राजपूत भी पहुंच गया।
दोनों भाइयों ने मिलकर वीरेंद्र गोस्वामी के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। आरोप है कि विक्की ने लकड़ी के डंडे से वीरेंद्र और लुकेश्वर के सिर पर वार किया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी को भी घुटने के पास डंडे से चोट पहुंचाई गई, जबकि कन्हाई ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में वीरेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।
रिपोर्ट के चंद घंटे में पुलिस ने दोनों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली)योगिता बाली खापर्डे को घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल रवाना हुई।
पुलिस टीम ने ग्राम लच्छनपुर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी विक्की सिंह उर्फ सोमेश सिंह राजपूत के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत (27 वर्ष) और कन्हाई सिंह राजपूत (40 वर्ष), दोनों निवासी लच्छनपुर केराझरिया, जांजगीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।







