गिरजाबंद मंदिर रोड पर चाकू दिखाकर मचा रहा था दहशत, पुलिस ने धारदार हथियार किया जब्त; शांति भंग करने वाले एक अन्य युवक पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर। रतनपुर में राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले बदमाश के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को थाना रतनपुर पुलिस को सूचना मिली कि गिरजाबंद मंदिर रोड पर एक व्यक्ति धारदार चाकू दिखाकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले आरोपी रवि उर्फ विक्की विश्वकर्मा (37 वर्ष), पिता बलदाउ विश्वकर्मा, निवासी रेस्ट हाउस के पास रतनपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 799/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
नशे में शांति भंग करने वाले युवक पर भी कार्रवाई
इसी दिन रतनपुर पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान सिलदहा चौक में शराब के नशे में शांति भंग कर रहे युवक अभिषेक डगर्जी (19 वर्ष), पिता चंद्रमणी डगर्जी, निवासी सिलदहा को पकड़ा। पुलिस उसे थाना लेकर आई और उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए तहसील न्यायालय में पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल आर., आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर एवं राजेन्द्र साहू का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया है।







