featuredछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार के आवेदनों का प्राथमिकता और गुणवत्तापूर्ण करें निराकरण, अपूर्ण निराकरण पर अधिकारियों को जारी करें नोटिस – कलेक्टर अजीत वसंत

आरआरसी प्रकरणों के लंबित वसूली कार्य सचिवों से शत-प्रतिशत कराने के निर्देश

पीएम आवास एवं पीएम जनमन के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश

अम्बिकापुर, 22 जून 2026/ कलेक्टर  अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं रामसिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री वसंत ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मांग संबंधी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को समय पर लाभ प्राप्त हो सके। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित एवं निराकृत आवेदनों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली गई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे विभागों के अधिकारियों को, जो निर्धारित समयावधि में आवेदनों का निराकरण नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) एवं अन्य मदों के अंतर्गत स्वीकृत, पूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पिछले वर्ष के सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने जनपद पंचायतवार ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्तावित आरआरसी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित वसूली कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सचिवों को शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा वसूली कार्य में लापरवाही बरतने वाले सचिवों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता विभाग की कार्यशैली का प्रत्यक्ष प्रतिबिंब होती है। इसलिए सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित करते हुए समाधान की पुष्टि भी की जाए। उन्होंने यथासंभव एल-1 स्तर पर ही शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में नक्शा प्रोजेक्ट, एग्रीस्टेक पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र निर्माण, अपार आईडी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया, ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा डीएमएफ अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पीएम आवास एवं पीएम जनमन के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने जनपद पंचायतवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों में प्रगति लाने तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को भी गति देने पर जोर दिया। उन्होंने दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा बसाहटों में स्थापित किए जा रहे 113 हैंडपंप एवं बोरवेल कार्यों को मानसून पूर्व पूर्ण कर सभी हैंडपंपों को कार्यशील बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण, मनरेगा, आधार पंजीयन तथा स्वीकृत पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वीकृत पेंशन प्रकरणों का शीघ्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने तथा शेष लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button