featuredकोरबाछत्तीसगढ़

एक सप्ताह में आवास निर्माण शुरू करें, 18 माह में पूरा करने पर मिलेगा अतिरिक्त लाभ : आयुक्त

पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से पथर्रीपारा में मुलाकात, निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील

कोरबा, 11 जून 2026 नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी घटक) के हितग्राहियों को एक सप्ताह के भीतर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो हितग्राही 18 माह के भीतर अपना आवास निर्माण पूरा करेंगे, उन्हें मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत 32,850 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्राप्त होगी।

गुरुवार सुबह अपने नियमित भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय वार्ड क्रमांक 19 एवं 20 के पथर्रीपारा स्लम क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के उन दर्जनों हितग्राहियों से मुलाकात की, जिन्हें कई माह पहले आवास स्वीकृति पत्र जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।

आयुक्त ने हितग्राहियों से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करना चिंता का विषय है। उन्होंने हितग्राहियों से तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ करने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की अपील की।

4027 नए आवास स्वीकृत, 1201 का निर्माण जारी

नगर निगम कोरबा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 4027 नए आवासों की स्वीकृति मिली है। इनमें से लगभग 3500 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं भवन अनुज्ञा प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष हितग्राहियों को वितरण की प्रक्रिया जारी है।

वर्तमान में 1201 हितग्राहियों ने अपने आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है, जबकि बड़ी संख्या में हितग्राही अब भी निर्माण शुरू करने में विलंब कर रहे हैं। आयुक्त ने ऐसे सभी हितग्राहियों से शीघ्र निर्माण प्रारंभ करने का आग्रह किया है।

समय पर निर्माण पूरा करने पर मिलेगा 32,850 रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा लागू गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत 18 माह के भीतर आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को 32,850 रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाती है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में देरी करने वाले हितग्राही इस अतिरिक्त लाभ से वंचित हो सकते हैं।

चार किश्तों में मिलती है 2.50 लाख रुपये की सहायता

प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी) के अंतर्गत हितग्राहियों को 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि चार किश्तों में दी जाती है। फाउंडेशन स्तर तक निर्माण पर 1 लाख रुपये, लिंटल स्तर पर 50 हजार रुपये, छत निर्माण पर 50 हजार रुपये तथा निर्माण पूर्ण होने पर अंतिम 50 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं।

सफाई व्यवस्था का भी किया निरीक्षण

पथर्रीपारा भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने बस्ती की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न गलियों, मोहल्लों और नालियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पहले नाले-नालियों की सफाई का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सफाई कार्य से निकलने वाले कचरे और अपशिष्ट का तत्काल उठाव एवं परिवहन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक नोडल अधिकारी रूचि साहू, सीएलटीसी वीरेंद्र सिंह सैनी सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button