गायन, नृत्य और मॉडलिंग में 300 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर, शानदार प्रस्तुतियों से जीता निर्णायकों और दर्शकों का दिल


हरदोई (उत्तर प्रदेश)। मेघा तिवारी।युवाओं के हुनर को मंच देने और स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े अवसरों से जोड़ने की पहल के तहत हरदोई युवा महोत्सव के पांचवें सीजन के प्रथम ऑडिशन का आयोजन एचके लॉन में किया गया। देर शाम आयोजित इस ऑडिशन में गायन, नृत्य और मॉडलिंग के लिए करीब 300 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं अधिवक्ता अविनाश चंद्र गुप्ता तथा युवा समाजसेवी मिलन मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया। अतिथियों ने प्रतिभागियों और आयोजन टीम का मार्गदर्शन करते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े मंचों पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सुरों से सजा मंच, नृत्य ने बटोरी तालियां

गायन ऑडिशन में प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज का ऐसा जादू बिखेरा कि निर्णायक मंडल उस्मान सिद्दीकी, अजीत सिंह और अभिनव पाण्डेय भी प्रभावित हुए। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अलग-अलग गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर जमकर तालियां बटोरीं। नृत्य के निर्णायक शुभम बैशवार ने प्रतिभागियों को प्रदर्शन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
रैंप पर दिखा आत्मविश्वास

[contact-form][contact-field label=”Name” type=”name” required=”true” /][contact-field label=”Email” type=”email” required=”true” /][contact-field label=”Website” type=”url” /][contact-field label=”Message” type=”textarea” /][/contact-form]


मिस्टर एंड मिस हरदोई मॉडलिंग ऑडिशन में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के जरिए अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। मॉडलिंग के निर्णायक अभय शाह ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी टिप्स दिए।
आयोजकों के अनुसार हरदोई युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य हरदोई और आसपास के क्षेत्रों में छिपी युवा प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि युवा अपनी कला और हुनर को बड़े स्तर पर प्रदर्शित कर सकें।
गायन का संयोजन आयुष ठाकुर, नृत्य का संयोजन शिवाय श्रीवास्तव तथा मॉडलिंग का संयोजन जतिन, कबीर और श्रद्धा ने किया।
दूसरे ऑडिशन से पहले होगी प्रेसवार्ता
आयोजकों ने बताया कि प्रथम ऑडिशन में चयनित प्रतिभागियों को महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। द्वितीय ऑडिशन की घोषणा जल्द की जाएगी। इससे पहले प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे महोत्सव और आगामी आयोजनों की रूपरेखा विस्तार से साझा की जाएगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक मंडल से अंशू गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव, भानु, संयोजन में निर्मल गुप्ता, पवन कश्यप, संकेत तिवारी, ऋषभ राजवंशी, राधे, प्रियांशु भारती, वैशाली, शीतल शुक्ला, आकाश सिंह, नीरज अस्थाना, अजितेश्वर शुक्ला, आयुष सिंह, उजूल, जतिन अवस्थी, कबीर त्रिपाठी, माधव सिंह, श्रद्धा चौरसिया, वैभव शुक्ला, हर्ष श्रीवास्तव, आकाश शुक्ला, प्रद्युम गुप्ता, गौरव गुप्ता, विधान सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
ऑडिशन के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंच पर किसी ने सुरों से समां बांधा तो किसी ने नृत्य से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया और मॉडलिंग में प्रतिभागियों ने रैंप पर आत्मविश्वास की छाप छोड़ी। हरदोई युवा महोत्सव का पहला ऑडिशन इस बात का संकेत रहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही मंच और सही अवसर देने की।







