चौक-चौराहों पर फिक्स पॉइंट में तैनात होंगे पुलिस जवान, लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्धों पर रखी जाएगी नजर
चोरी, उठाईगिरी और जेबकटमारी रोकने पुलिस ने कसी कमर, यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम
जांजगीर-चांपा। धनतेरस और दीपावली पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, सराफा दुकानों, चौक- चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
धनतेरस 06 नवंबर और दीपावली 08 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। इस दौरान बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है।
पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सराफा दुकानों और संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पॉइंट निर्धारित कर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही पेट्रोलिंग टीमें लगातार क्षेत्रों में भ्रमण करेंगी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगी।
त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, उठाईगिरी, जेबकटमारी और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। वहीं, बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि खरीदारी करने पहुंचने वाले नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि धनतेरस एवं दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। बाजारों में खरीदारी के दौरान अपने सामान एवं वाहनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें।
पुलिस सहायता नंबर
पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर: 9479193199
आपातकालीन सहायता: डायल 112
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी से तैनात रहेगा।







