अपराध दर्ज होने के कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
जांजगीर-चांपा। महिला की अस्मिता से खिलवाड़, छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घर से निकलते ही महिला के साथ की अभद्रता
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 04 नवंबर 2026 की है। महिला अपने घर से बाहर निकली थी, तभी आरोपी ने बेइज्जती करने की नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए महिला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 486/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 78, 296, 351(3) एवं 115(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने दिखाई तत्परता, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी रवि रत्नाकर, निवासी मुड़पार (चु), थाना पामगढ़ को पकड़कर विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक विनोद मनहर, सीताराम सूर्यवंशी एवं भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पामगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।







