रायगढ़, 4 अक्टूबर 2026। महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुम हुई 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ओडिशा ले जा रहे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को तमनार थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और उसकी सहेलियों से पूछताछ कर सुराग जुटाए। जांच में पता चला कि गांव में नल-जल योजना में मजदूरी करने आए नशरूल आलम से बालिका की बातचीत होती थी।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल नंबर हासिल कर संपर्क किया, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। इसी दौरान फोन पर बातचीत के दौरान पुलिस को ट्रेन की आवाज सुनाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के बालिका को लेकर ओडिशा जाने का संदेह हुआ।
इसके बाद तमनार पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और सड़क मार्ग से टाटानगर पहुंची। वहां जानकारी मिली कि आरोपी और बालिका कुछ समय पहले ही वहां से निकल चुके हैं। पुलिस ने पीछा जारी रखा और रास्ते में दोनों दिखाई दे गए।
सादी वर्दी में पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने आरोपी का काफी दूर तक पीछा किया और आखिरकार उसे पकड़ लिया। इसके बाद बालिका और आरोपी को सुरक्षित थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार, बालिका के कथन और जांच में सामने आया कि आरोपी ने उसे शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भगाया और उसका शारीरिक शोषण किया। मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी नशरूल आलम पिता मोहम्मद जाकिर, उम्र 22 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर स्कूलटोला, थाना किशनगंज, जिला किशनगंज (बिहार) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई सुरति लाल सिदार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपचंद चन्द्रवंशी, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक रंजित भगत, पुरुषोत्तम सिदार एवं महिला प्रधान आरक्षक रश्मि तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



