अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, औषधि उद्यान में बढ़ेगी हरियाली

कोरबा, 4 अक्टूबर 2026। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएमटीपीएस), कोरबा पूर्व के औषधि उद्यान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। औषधि उद्यान में लगाए जा रहे पौधे आने वाले समय में परिसर की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ औषधीय वनस्पतियों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने का माध्यम बनेंगे।
पौधरोपण कार्यक्रम में अति मुख्य अभियंता राजेश्वरी रावत, एलएन सूर्यवंशी, सुनील सरना, जीपी भगत, आरके साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने हाथों से औषधीय पौधे रोपित किए। इस दौरान पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सिविल विभाग ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल से डीएसपीएमटीपीएस परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



